टीबी उन्मूलन में योगदान पर एपीएनआरएल सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
क्षय रोग (टीबी) उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान’ में योगदान और जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए एपीएनआरएल को सम्मानित किया गया। गुरुवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में आयोजित समारोह में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह और जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण चौधरी ने कंपनी को प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाणपत्र प्रदान किया।
कंपनी द्वारा ‘निक्षय मित्र’ के रूप में पंजीकरण कर टीबी का उपचार करा रहे मरीजों को सहयोग उपलब्ध कराने की पहल की गई है। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी प्रमाणपत्र के माध्यम से देश को टीबी मुक्त बनाने के राष्ट्रीय अभियान में एपीएनआरएल की सहभागिता को मान्यता दी गई। दोनों अधिकारियों ने जनस्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में कंपनी की पहलों की सराहना की।
कंपनी की ओर से प्रमुख-सीएसआर संजीत कुमार सिन्हा तथा कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस विभाग के हेड बलजीत संसोआ ने सम्मान एवं प्रमाणपत्र प्राप्त किया।
इस अवसर पर संजीत कुमार सिन्हा ने ‘जोश’ (जॉइंट स्क्वॉड फॉर हेल्थ) कार्यक्रम के शुभारंभ एवं पुरस्कार वितरण समारोह में भी भाग लिया। यह पहल जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और विभिन्न पक्षों के संयुक्त प्रयासों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

