राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा बाजार क्षेत्र में ठगी की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां दो अज्ञात ठगों ने जेवर चमकाने के बहाने घर में घुसकर सोने की चेन पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। जानकारी के अनुसार, बड़ाजामदा बाजार स्थित बड़ौदा बैंक के मिनी बैंक संचालक रंजीत कुमार वर्मा उर्फ चिंटू के घर मोटरसाइकिल सवार दो युवक पहुंचे और खुद को “उजाला रॉयल कंपनी” का कर्मचारी बताते हुए सोने-चांदी, पीतल व तांबे के बर्तनों और गहनों को चमकाने का दावा किया। पहले उन्होंने तांबे की प्लेट और चांदी की पायल को साफ कर लौटाया, जिससे घर की महिलाओं का भरोसा जीत लिया। इसके बाद झांसे में लेकर सोने की चेन मांगी और उसे एक पाउडर में डालकर महिलाओं से पानी लाने को कहा। जैसे ही महिलाएं अंदर गईं, दोनों ठग चेन लेकर फरार हो गए और उसकी जगह कागज की पुड़िया में पत्थर रखकर दे गए। पुड़िया खोलते ही ठगी का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने लगी, जिसमें दोनों ठगों की संदिग्ध गतिविधियां कैद हुई हैं। थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने लोगों से अपील की है कि वे अजनबियों से सतर्क रहें और बिना सत्यापन किसी को घर में प्रवेश न दें, क्योंकि जागरूकता ही इस तरह के अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

