पुलिस अधीक्षक(नगर), अपर जिला दंडाधिकारी(विधि व्यवस्था) ने धर्म गुरुओं एवं शांति समिति के साथ की बैठक
सादगी से ईद मनाने की अपील, सोशल डिस्टेंसिंग का रखें ध्यान, घर में ही अदा करें ईद की नमाज
जमशेदपुर :मानगो में आज ईद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक की गई। इसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक(नगर) सुभाष चन्द्र जाट एवं अपर जिला दंडाधिकारी(विधि व्यवस्था) नंद किशोर लाल ने की। पुलिस अधीक्षक (नगर) ने सभी को ईद की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस तरह जिला प्रशासन को अब तक आप सबों का सहयोग मिला है वह आगे भी अपेक्षित है। वर्तमान में वैश्विक महामारी कोविड-19 के दौर से पूरा विश्व गुजर रहा है। इसमें सतर्कता की एक मात्र बचाव है। गृह मंत्रालय भारत सरकार व राज्य सरकार से प्राप्त दिशा निर्देशानुसार किसी भी तरह के धार्मिक आयोजन की अनुमति नहीं है। लाक डाउन 4.0 का अनुपालन सभी को करना है। इसके मद्देनजर सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखते हुए घरों में ही ईंद का नमाज अदा करने की अपील करता हूं। उन्होंने विभिन्न धार्मिक नेताओं एवं राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों से प्रशासन के संदेश को सरलता से जन जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन हर कदम आपके साथ है।
मौके पर उपस्थित अपर जिला दंडाधिकारी ने कहा कि जिलेवासियों ने प्रत्येक त्योहार में जिला प्रशासन का विधि व्यवस्था बनाने में सहयोग किया है जो प्रशंसनीय है। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखते हुए कार्रवाई की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर आपको किसी भी तरह की संदिग्ध व असामाजिक तत्वों द्वारा गड़बड़ी व माहौल बिगाड़ने की आशंका प्रतीत होती है तो तुरंत स्थानीय थाना व प्रशासनिक पदाधिकारियों को सूचित करें त्वरित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटेगा।
मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी- मानगो नगर निगम दीपक सहाय, डीएसपी एवं थाना प्रभारी आजाद नगर, शांति समिति के अध्यक्ष मुखतार आलम, धर्म गुरु, शांति समिति के सदस्य तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।

