प्रभात फेरी और कैंडल मार्च निकाल विद्यार्थियों ने लिया बाल विवाह मुक्त बिहार का संकल्प
बेगूसराय/ राष्ट्र संवाद ब्यूरो
बाल विवाह एक बच्ची को उम्र से पहले पत्नी और मां बनने की जिम्मेदारी में धकेल देता है। जिस उम्र में उसे स्कूल में पढ़ना, खेलना और अपने भविष्य के सपने संजोने चाहिए, उस उम्र में गृहस्थी का बोझ उसके बचपन को छीन लेता है। कम उम्र में गर्भधारण से बच्चियों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। गर्भावस्था और प्रसव की जटिलताएं मां और नवजात दोनों के जीवन को खतरे में डाल सकती हैं। यह केवल एक परिवार की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के सामने गंभीर चुनौती है। एक बाल विवाह रोकना एक बच्ची का बचपन, स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य बचाना है।
इसी सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देने के लिए शुक्रवार को विश्व बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर उच्च माध्यमिक +2 विद्यालय, रातगांव में प्रधानाध्यापिका प्रज्ञा के नेतृत्व में जागरूकता अभियान चलाया गया। छात्र-छात्राओं ने प्रभात फेरी और कैंडल मार्च निकालकर लोगों को जागरूक किया। इसके बाद बाल विवाह मुक्त बिहार बनाने की शपथ ली। नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच बाल विवाह के दुष्परिणामों पर वाद-विवाद प्रतियोगिता भी हुई।
प्रधानाध्यापिका प्रज्ञा ने कहा कि बाल विवाह समाज के माथे पर कलंक है। बेटियों को समय से पहले विवाह के बंधन में बांधने के बजाय शिक्षित, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना जरूरी है। उन्होंने बाल विवाह की सूचना आपातकालीन सहायता नंबर 112 और बाल हेल्पलाइन 1098 पर देने की अपील की। कार्यक्रम में शिक्षिका पल्लवी कुमारी, श्वेता सुमन, पूनम कुमारी, खुशबू कुमारी, शिक्षक सुनील कुमार और मृत्युंजय कुमार सहित अन्य शिक्षक-शिक्षकियां मौजूद रहे।

