मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे सरायकेला में नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल का उद्घाटन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला:झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को सरायकेला दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे आदित्यपुर इंडस्ट्रियल पार्क में बने नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज अस्पताल का उद्घाटन करेंगे और राज्य की जनता को मेडिकल कॉलेज की बड़ी सौगात देंगे।
उद्घाटन कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, सांसद-विधायक एवं स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय सिंह भी मौजूद रहेंगे। सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के तत्वावधान में संचालित यह संस्थान राज्य के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
फिलहाल यहां 650 बेड का सुपर मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल संचालित है, जबकि इसी सत्र से 900 बेड की सुविधा शुरू करने की तैयारी है।
प्रबंधन के अनुसार इसी सत्र से एमबीबीएस के 100 छात्रों का नामांकन भी हो चुका है, जिन्हें मुख्यमंत्री संबोधित करेंगे। उद्घाटन को लेकर अस्पताल प्रबंधन तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है।
नेताजी सुभाष ग्रुप के प्रबंध निदेशक कृष्ण मुरारी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि यह मेडिकल कॉलेज अस्पताल कोल्हान ही नहीं, पूरे राज्य के लिए धरोहर बनेगा। वहीं ग्रुप के चेयरमैन एवं सितवांतो देवी महिला कल्याण समिति के सचिव मदन मोहन सिंह ने कहा कि राज्य की जनता से किया गया वादा पूरा हो रहा है और यह संस्थान शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा

