

जमशेदपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। छठ व्रत में उपयोग होने वाली पूजन सामग्री, फल, मिट्टी के चूल्हे और अन्य आवश्यक सामानों से बाजार सज गए हैं। श्रद्धालु पूजा की तैयारियों में जुटे हैं और बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी है। मिट्टी के चूल्हे से लेकर छठ पूजन में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्रियों की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। वहीं, छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से संचालित ट्रेन संख्या 08181 टाटा-लावा पूजा स्पेशल गुरुवार को पुनर्निर्धारित समय के अनुसार दोपहर 3:30 बजे टाटानगर स्टेशन से रवाना हुई। ट्रेन के सुचारु प्रस्थान और यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ एवं कमर्शियल टीम ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। स्टेशन पर यात्रियों की कतारों को व्यवस्थित रखने और भीड़ के आवागमन को नियंत्रित करने के लिए रेलवे कर्मियों ने समन्वय के साथ काम किया। संयुक्त प्रयास से ट्रेन निर्धारित समय पर रवाना हुई और यात्रियों को अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।


