
लेखक: राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। छठ महापर्व को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। यातायात डीएसपी, पूर्वी सिंहभूम द्वारा जारी आदेश के अनुसार 14 से 16 नवंबर तक भारी वाहनों के परिचालन पर समयानुसार प्रतिबंध रहेगा।
आदेश के मुताबिक, 14 नवंबर को सुबह 6 से 9 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन दोनों ओर से जारी रहेगा। इसके बाद सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक बसों को छोड़कर सभी भारी वाहनों पर रोक रहेगी। वहीं, 15 नवंबर सुबह 8 बजे से 16 नवंबर पूर्वाह्न 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यह व्यवस्था छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, घाटों तक सुरक्षित आवागमन तथा शहर में जाम की स्थिति रोकने के लिए की गई है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित समय का पालन करने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है।

