चरणजीत सिंह बने सीजीपीसी के प्रेस प्रवक्ता, हाउस में हुए सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) ने खासमहल निवासी युवा पत्रकार चरणजीत सिंह को प्रेस प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी है। यह निर्णय प्रधान भगवान सिंह की अध्यक्षता में हुई कोर मीटिंग में लिया गया।
निर्णय के बाद सीजीपीसी हाउस में चरणजीत सिंह को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। प्रधान भगवान सिंह ने विश्वास जताया कि वे अपनी ईमानदारी और अनुभव के साथ कमेटी की गतिविधियों और सेवा कार्यों को प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचाएंगे।
महासचिव अमरजीत सिंह और गुरचरण सिंह बिल्ला ने बताया कि चरणजीत सिंह को पत्रकारिता का करीब 20 वर्षों का अनुभव है, जो उनकी नई भूमिका में सहायक होगा।
नवनियुक्त प्रवक्ता चरणजीत सिंह ने आश्वासन दिया कि वे मर्यादा के अनुरूप अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। इस अवसर पर कमेटी के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

