जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर कैट ने केंद्रीय गृह मंत्री से हस्तक्षेप की मांग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव सुरेश सोंथालिया ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर जमशेदपुर में बढ़ते अपराध और बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने शहर में हत्या, चोरी, नशाखोरी और अपहरण जैसी घटनाओं में वृद्धि का उल्लेख करते हुए नागरिकों एवं व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
पत्र में वाहन चेकिंग के दौरान कथित उत्पीड़न और गर्भवती महिला के स्कूटर से गिरने की घटना का भी उल्लेख करते हुए निष्पक्ष जांच कराने का अनुरोध किया गया है। सोंथालिया ने कहा कि जमशेदपुर देश का प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र है, इसलिए यहां सुरक्षित वातावरण बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने गृह मंत्री से कानून-व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा, अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी निर्देश तथा पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़ी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

