कार को बचाने की कोशिश में पलटी मजदूरों से भरी बस, 25 घायल, कटिहार के कोढ़ा में अहले सुबह बड़ा हादसा, 15 मजदूरों की हालत गंभीर
राष्ट्र संवाद संवादाता
कटिहार कोढ़ा थाना क्षेत्र के जुराबगंज के पास अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नवादा जिले से पश्चिम बंगाल के कूचबिहार लौट रहे मजदूरों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 25 मजदूर घायल हो गए जिनमें 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया हायर सेंटर रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि बस में करीब 60 से 70 मजदूर सवार थे, जो नवादा के एक ईंट-भट्ठे में काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे।
जुराबगंज के निकट अचानक एक कार बस के सामने आ गई। कार को बचाने के प्रयास में चालक बस से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कोढ़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनीत कुमार ने बताया कि 25 घायलों का इलाज किया गया। इनमें 10 लोगों की स्थिति सामान्य थी, जबकि 15 गंभीर घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए पूर्णिया हायर सेंटर भेजा गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस और कार को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

