ब्रह्मर्षि विकास मंच 10 नंबर बस्ती इकाई का गठन, मुकेश चौधरी बने अध्यक्ष
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा: ब्रह्मर्षि विकास मंच की 10 नंबर बस्ती इकाई का गठन हिंदुस्तान मित्र मंडल क्लब के प्रांगण में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया सर्वसम्मति से पूरी की गई, जिसमें मुकेश चौधरी उर्फ पप्पू चौधरी को अध्यक्ष, धनंजय कुमार को कार्यकारी अध्यक्ष, मनीष कुमार को महासचिव, रंजीत कुमार को कार्यकारी महासचिव तथा राकेश ठाकुर को कोषाध्यक्ष चुना गया।
मंच द्वारा संगठन को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से एक संचालन समिति का भी गठन किया गया, जिसे सभी स्थानीय इकाइयों के चुनाव की जिम्मेदारी सौंपी गई। संचालन समिति ने अधिकांश इकाइयों का गठन पूर्ण कर लिया है। 10 नंबर बस्ती में आयोजित चुनाव में सैकड़ों की संख्या में सदस्यों की उपस्थिति रही और सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थापक महासचिव राज किशोर सिंह ने संगठन की खामियों पर भी चर्चा की और भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। मंच के महासचिव अनिल ठाकुर ने संगठन की मजबूती के लिए सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मंच के अध्यक्ष विकास सिंह ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि मंच शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। समाज के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
बैठक के दौरान हिंदुस्तान मित्र मंडल को सरकार के माध्यम से सीबीएसई बोर्ड से मान्यता दिलाने का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि अब तक हुए चुनावों में 10 नंबर बस्ती इकाई में सबसे अधिक संख्या में सदस्यों की भागीदारी रही, जिसने एक नया इतिहास रचा।

