स्वर्गीय महेश्वर प्रसाद सिंह की पुण्यतिथि पर 22 अगस्त को होगा रक्तदान शिविर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। ओम कांवरिया सेवा संघ और जोहार झारखंड के बैनर तले, संरक्षक पप्पू सिंह एवं अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह की पहल पर वर्ष 2012 से स्वर्गीय महेश्वर प्रसाद सिंह की पुण्यतिथि पर रक्तदान शिविर का आयोजन लगातार किया जा रहा है। इस वर्ष भी 22 अगस्त को टेल्को स्थित रीक्रिएशन क्लब में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन होगा।

ज्ञात हो कि संगठन के माध्यम से न केवल जमशेदपुर में, बल्कि सुल्तानगंज बाबा नगरी तक समाजसेवा से जुड़े कार्य निरंतर किए जा रहे हैं। प्रेरणा स्रोत स्वर्गीय महेश्वर प्रसाद सिंह की स्मृति में आयोजित होने वाला यह रक्तदान शिविर एक बार फिर समाजसेवा के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

अध्यक्ष पप्पू सिंह ने बताया कि जमशेदपुर के सभी बुद्धिजीवियों और नागरिकों से निवेदन है कि इस कार्यक्रम में शामिल होकर पुण्य का भागी बने। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है” और इससे जरूरतमंदों की जान बचाई जा सकती है।

उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय महेश्वर प्रसाद सिंह समाजसेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए सदैव समर्पित रहे। टाटा मोटर्स में सफल अधिकारी रहते हुए भी उन्होंने समाजहित को प्राथमिकता दी। उनके आदर्श और पदचिन्ह आज भी सभी को समाज सेवा और धर्मसंगत आचरण की प्रेरणा देते हैं। पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।


