14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में अनियमितताओं के विरोध में भाजयुमो का मशाल जुलूस,
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। 14वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता और मनमाने रवैये के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने मंगलवार को जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय से जुबिली पार्क गोलचक्कर तक मशाल जुलूस सह आक्रोश मार्च निकालकर झारखंड की झामुमो-कांग्रेस सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह विरोध मार्च भाजयुमो के जिला अध्यक्ष नीतीश कुशवाहा तथा महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित किया गया। मार्च में बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी के हाथों में मशालें और तख्तियां थीं, जिन पर जेपीएससी परीक्षा की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग लिखी गई थी।
इस दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि झारखंड में युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रही अनियमितताओं से लाखों अभ्यर्थियों का विश्वास टूट रहा है। उन्होंने राज्य सरकार से 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में सामने आए सभी आरोपों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
भाजयुमो नेताओं ने कहा कि राज्य के युवा मेहनत और प्रतिभा के आधार पर रोजगार पाना चाहते हैं, लेकिन यदि भर्ती प्रक्रिया ही विवादों में घिर जाए तो युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द उचित कदम नहीं उठाती है तो भाजपा और भाजयुमो पूरे राज्य में चरणबद्ध आंदोलन चलाएंगे और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई को और तेज करेंगे।

