जनसमस्याओं को लेकर भाजपा का धरना, डीसी को सौंपा ज्ञापन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।सुंदरनगर, घाघीडीह, बागबेड़ा, जुगसलाई और परसुडीह क्षेत्र की गंभीर जनसमस्याओं एवं अधूरी बागबेड़ा जलापूर्ति योजना को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन चौक पर एकदिवसीय धरना दिया। महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा के नेतृत्व में आयोजित इस धरने में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

धरना के बाद भाजपा ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर सड़क, पानी, बिजली, स्वच्छता, ट्रैफिक जाम, नशाखोरी, अवैध कारोबार और नगर परिषद गठन सहित विभिन्न मुद्दों के तत्काल समाधान की मांग की।

धरना को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो भाजपा जिला मुख्यालय का घेराव करेगी। वहीं, पूर्व प्रत्याशी डॉ. मीरा मुंडा ने कहा कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं और यदि स्थिति नहीं सुधरी तो भाजपा जनता के साथ उग्र आंदोलन करेगी।


