भाजपा ब्रह्मर्षियों को केवल वोट बैंक समझती है: अनिल ठाकुर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:ब्रह्मर्षि विकास मंच, जमशेदपुर के महासचिव अनिल ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि झारखंड प्रदेश में भाजपा ब्रह्मर्षि समाज को केवल वोट बैंक के रूप में देखती है। उन्होंने कहा कि अन्य जातियों की तुलना में ब्रह्मर्षि समाज का लगभग 90 प्रतिशत वोट भाजपा को जाता है, इसके बावजूद संगठन और चुनावी प्रतिनिधित्व में समाज की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
अनिल ठाकुर ने कहा कि भाजपा के गठन के बाद से जमशेदपुर में ब्रह्मर्षि समाज का योगदान अहम रहा है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। बावजूद इसके, पार्टी गठन से लेकर आज तक जमशेदपुर में एक भी जिला अध्यक्ष ब्रह्मर्षि समाज से नहीं बनाया गया, न ही चुनाव के समय टिकट वितरण में समाज को उचित सम्मान मिला।
उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव और संगठनात्मक पदों पर निर्णय लेते समय भाजपा को ब्रह्मर्षि समाज की याद नहीं आती। ब्रह्मर्षि विकास मंच ने मांग की कि पार्टी समाज की उपेक्षा बंद करे और संगठन व चुनावी राजनीति में उचित भागीदारी सुनिश्चित करे।

