पेट्रोल पंप परिसर में बाइक में लगी आग, बड़ा हादसा टला
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के रोड नंबर 13 स्थित एचपी पेट्रोल पंप परिसर में सोमवार को बजाज पल्सर मोटरसाइकिल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक धू-धू कर जलने लगी, जिससे पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई।
आग की लपटें तेज होने पर आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बुझाने का प्रयास किया और अन्य वाहनों व लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझने से बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। बाइक में आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

