बिहार देश का पहला राज्य बन गया है जहां पुलिस बल में महिलाओं की संख्या कुल संख्या का 28.5 प्रतिशत: डीजीपी
बिहार में 21,000 से अधिक लोगों को पुलिस की नौकरी के लिए नियुक्ति पत्र मिले
राष्ट्र संवाद संवाददाता
पटना:बिहार में 21,000 से अधिक नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को शनिवार को पटना में एक समारोह के दौरान नियुक्ति पत्र सौंपे गये।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि किसी भी अन्य राज्य में पुलिस बल में बिहार जितनी महिलाएं नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से जल्द से जल्द 55,000 अन्य कर्मियों की भर्ती को अंतिम रूप देने को कहा है। हम अपने पुलिस बल की संख्या बढ़ाकर 2.29 लाख करना चाहते हैं।”
एक सभागार में 11,178 महिलाओं और 10,205 पुरुषों सहित कुल 21,391 नवनियुक्त पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र दिए गए, जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और डीजीपी विनय कुमार भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “हम नवंबर 2005 में सत्ता में आए और उस समय बिहार पुलिस की संख्या सिर्फ 51,000 थी। अब सरकार पुलिस बल की संख्या बढ़ाकर 2.29 लाख करने के लिए प्रतिबद्ध है और हमारी सरकार ने पुलिस बल में महिलाओं की संख्या में काफी वृद्धि की है…अब पुलिस बल में महिलाओं की संख्या 36,000 है।”
बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने बताया कि बिहार देश का पहला राज्य बन गया है जहां पुलिस बल में महिलाओं की संख्या कुल संख्या का 28.5 प्रतिशत है, आज 21,391 नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।

