राष्ट्र संवाद संवाददाता
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में चर्चित हारुडीह हत्याकांड (कांड सं. 199/25) में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 24 दिसंबर 2025 को हुए इस सनसनीखेज मामले में विजय तिर्की की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद मृतक की पत्नी के लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। इस कांड में पहले भी कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी, जबकि अन्य फरार अपराधियों की तलाश जारी थी। इसी क्रम में मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी शहनवाज खान उर्फ डाबर उर्फ सन्नो को 26 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वर्तमान में मानगो स्थित वारी कॉलोनी के रोज टावर में रह रहा था, जबकि उसका स्थायी पता आजादनगर थाना क्षेत्र का है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शहनवाज खान का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर रहा है और उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, मारपीट एवं आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन धाराओं में पूर्व से ही मामले दर्ज हैं। वर्ष 2013 से लेकर 2021 तक उस पर विभिन्न थानों में कई कांड दर्ज हैं, जिनमें हत्या (धारा 302), आपराधिक साजिश (120B) और आर्म्स एक्ट के तहत मामले शामिल हैं। इससे पहले इस हत्याकांड में शाहिद खान उर्फ शहजादा, विवेक कुमार मन्ना उर्फ विक्की, राहुल राव और मनीष कुमार ठाकुर को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा गठित छापामारी दल, जिसमें थाना प्रभारी डिलशन बिरुवा सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे, ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में आगे और भी अहम खुलासे होने की संभावना है, जिससे पूरे आपराधिक नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।

