जमशेदपुर: हिमांशु सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, एक नाबालिग समेत चार और आरोपी गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर के बिस्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखींद्र लोहार, जगदीश मंडल, विजय महानंद तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले धारदार हथियार, जिनमें चापड़, कुल्हाड़ी, भुजाली और चाकू शामिल हैं, बरामद किए हैं।
मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस हत्याकांड में अब तक कुल नौ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले पुलिस पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी है। वहीं, इस मामले का मुख्य आरोपी और दो लाख रुपये का इनामी विश्वजीत मंडल अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपी घटना के समय घटनास्थल पर मौजूद थे और वारदात में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। जांच के दौरान मिले सीसीटीवी फुटेज में आरोपी लखींद्र लोहार भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है, जिसके आधार पर पुलिस को उसके खिलाफ महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।
इस बीच मामले में गिरफ्तार डबल डाउन बार के मालिक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह को पुलिस ने मंगलवार को मीडिया के सामने पेश नहीं किया, जिसे लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रहीं। इस संबंध में एसएसपी ने बताया कि नीरज सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाया जा रहा है। पुलिस ने उसे राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम धाम क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
गौरतलब है कि 27 जून को डबल डाउन बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी के दौरान करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह पर चापड़ और चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया था, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे शहर में भारी आक्रोश फैल गया था और लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उग्र प्रदर्शन किया था। फिलहाल पुलिस फरार मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार अभियान चला रही है।

