रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
चाईबासा, पश्चिमी सिंहभूम। सारंडा जंगल स्थित छोटानागरा थाना क्षेत्र में नक्सलियों की एक बड़ी साजिश को सुरक्षाबलों ने समय रहते विफल कर दिया। मनोहरपुर–चाईबासा मुख्य सड़क पर टोंटोगाढ़ा गांव के समीप नक्सलियों द्वारा लगाया गया एक शक्तिशाली आईईडी (IED) बरामद किया गया, जिसे सुरक्षाबलों ने सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। गुरुवार सुबह मुख्य मार्ग पर विस्फोटक होने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने सुबह करीब 9:30 बजे से सड़क के दोनों ओर का यातायात पूरी तरह रोक दिया। राहगीरों और वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बम निरोधक दस्ते ने नियंत्रित विस्फोट कर आईईडी को निष्क्रिय किया, जिसके बाद आवागमन दोबारा शुरू हो सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सलियों ने सुरक्षाबलों की गश्ती पार्टी को निशाना बनाने के उद्देश्य से सड़क किनारे विस्फोटक छिपाया था। खुफिया सूचना के आधार पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया और टोंटोगाढ़ा के पास से आईईडी को बरामद कर लिया। पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षाबलों की सतर्कता से एक बड़ा खतरा टल गया है तथा क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान और तेज कर दिया गया है। घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और मुख्य सड़कों पर लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

