मुहर्रम को लेकर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ एक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवादाता
जमशेदपुर। मुहर्रम पर्व के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से उत्पाद विभाग ने पूर्वी सिंहभूम में विशेष अभियान चलाया। सहायक आयुक्त उत्पाद, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर बुधवार 24 जून को सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के कुम्हारपाड़ा और स्लैग रोड तथा बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूब गेट और हरिजन बस्ती स्थित विभिन्न संदिग्ध बिक्री केंद्रों पर छापेमारी की गई।
अभियान के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने कुल 27.75 लीटर अवैध विदेशी शराब और 106.5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। कार्रवाई के क्रम में बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ट्यूब गेट हरिजन बस्ती से सुशांत मुखी को उसके बिक्री केंद्र से 7.5 लीटर विदेशी शराब और 30 लीटर अवैध चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, अन्य अवैध कारोबारियों के खिलाफ भी संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मुहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

