बाला गणपति विलास का 108वां गणेश उत्सव 14 सितंबर से
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। शहर का सबसे पुराना और प्रसिद्ध गणेश उत्सव बाला गणपति विलास इस वर्ष अपना 108वां गणेश उत्सव मनाने जा रहा है। कदमा गणेश पूजा मैदान में 14 सितंबर को भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ उत्सव का शुभारंभ होगा, जो 30 सितंबर तक चलेगा।

108वें गणेश उत्सव को लेकर आयोजन समिति की ओर से तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उत्सव का प्रमुख आकर्षण भव्य मेला होगा, जिसमें जमशेदपुर के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ मनोरंजन और खरीदारी की भी व्यवस्था रहेगी।

पूजा समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, विधायक सरयू राय, विधायक पूर्णिमा साहू, विधायक सविता महतो और विधायक मंगल कालिंदी समेत कई गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन समिति के महासचिव एस.एन. राव नायडू ने बताया कि उत्सव को लेकर सभी तैयारियां की जा रही हैं। 14 से 30 सितंबर तक कदमा गणेश पूजा मैदान भक्ति, आस्था और मेले की रौनक से गुलजार रहेगा।

