गो-कृपा कथा महोत्सव 18 से, जमशेदपुर में गूंजेगी गो-महिमा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। लौहनगरी में 18 से 20 सितंबर तक बिष्टुपुर स्थित कुसुम कमानी ऑडिटोरियम में तीन दिवसीय “श्री गो कृपा कथा महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा। पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन, ध्यान फाउंडेशन (चाकुलिया) एवं श्री गोपाल परिवार संघ के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले महोत्सव में पूज्य ग्वाल संत श्री गोपाल मणि जी महाराज गो-कथा प्रस्तुत करेंगे।
कथा प्रतिदिन शाम 4 से 7 बजे तक होगी। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से 3:45 बजे तक ऑडिटोरियम पहुंचकर अपनी सीट ग्रहण करने का आग्रह किया है। महोत्सव का उद्देश्य गो-सेवा, गो-संरक्षण, जीव दया, संस्कार और सनातन संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
मुख्य संयोजक विजय आनंद मुनका, अभिषेक अग्रवाल गोल्डी एवं मंटू अग्रवाल के नेतृत्व में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजकों ने जमशेदपुरवासियों से परिवार सहित कथा में शामिल होने की अपील की है। बैठक में संदीप मुरारका, राज कुमार अग्रवाल, नूपुर तुलस्यान, अनीता हरनाथका समेत महिला मंडल, युवा कार्यकर्ता और अन्य सदस्य मौजूद रहे।

