रामराज की धर्म ध्वजा फहराने को अयोध्या तैयार
प्रधानमंत्री मोदी चढ़ेंगे शिखर पर, भगवा लहराकर देंगे 500 साल के संघर्ष को श्रद्धांजलि
नरेंद्र गौतम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
अयोध्या। अयोध्या में इतिहास का स्वर्णिम क्षण साकार होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राम मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा फहराएंगे। इसे रामराज की स्थापना के प्रतीकात्मक उद्घोष के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री ने इसे अपने जीवन का “परम सौभाग्य” बताया है। उनका रोड शो भी प्रस्तावित है।
500 वर्षों के तप, त्याग और संघर्ष के बाद धर्म ध्वजा का शिखर पर आरोहण अयोध्या को विश्व पटल पर एक बार फिर केंद्र में ला खड़ा करेगा। मंदिर परिसर और शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों का जायजा लिया और सुरक्षा-व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए।
अयोध्या में सुरक्षा अभूतपूर्व है—चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल, एनएसजी, एटीएस की तैनाती की गई है। 5,000 से अधिक पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे, 40 से अधिक वीवीआईपी के लैंड करने की संभावना है और सभी मेडिकल कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। शहर की निगरानी हेलीकॉप्टर से हो रही है।
साधु-संत इस क्षण को रामराज की विजय पताका का उदय मान रहे हैं। कई संतों ने कहा कि यह केवल एक ध्वजारोहण नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति की अडिग आस्था का प्रतीक है। प्रधानमंत्री ने पूर्व में कहा था कि यह उनके लिए दूध के कर्ज का निर्वहन है।
उधर नेपाल स्थित धार्मिक नगरी जनकपुर में भी उत्सव का माहौल है। अयोध्या के साथ संपूर्ण भारतीय उपमहाद्वीप इस पवित्र बेला का साक्षी बनने को उत्सुक है।
*PM मोदी के स्वागत में अयोध्या में 7 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, विशिष्ट अतिथियों के लिए विशेष पार्किंग व प्रोटोकॉल तैयार*
अयोध्या में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। पीएम मोदी राम पथ से होते हुए राम मंदिर पहुंचेंगे। स्वागत के लिए शहर में 7 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनके मार्ग में 501 बटुक ब्राह्मण स्वस्तिवाचन करेंगे और स्थानीय लोग फूल बरसाकर स्वागत करेंगे।
ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने वाले एक हजार विशिष्ट अतिथियों के लिए विशेष पार्किंग की व्यवस्था की गई है। बिरला धर्मशाला, इक़बाल अंसारी के घर के सामने मैदान, हनुमान गुफा, कारसेवकपुरम् और रामसेवक पुरम में पार्किंग बनाई गई है। यहां से अतिथियों को उनकी श्रेणी के अनुसार गोल्फ कार्ट से राम पथ या सीधे राम मंदिर तक पहुँचाया जाएगा।
कुल मिलाकर पुलिस ने सभी VIP मेहमानों के लिए विस्तृत प्रोटोकॉल तैयार कर लिया है, ताकि कार्यक्रम सुचारू और सुरक्षित तरीके से सम्पन्न हो सके।

