राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत गम्हरिया में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नुक्कड़ नाटक, पंपलेट वितरण और शपथ के जरिए दिया गया यातायात नियमों का संदेश
राष्ट्र संवाद संवाददाता
गम्हरिया। जिला परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत गुरुवार को गम्हरिया स्थित घोड़ाबाबा मंदिर के समीप सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आम लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों से अपील की गई कि सड़क सुरक्षा की शुरुआत स्वयं से करें और अपने परिवार व मित्रों को भी इसके प्रति जागरूक करें। इस मौके पर पंपलेट का वितरण किया गया तथा उपस्थित लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो, मोटरयान निरीक्षक दिलीप कुमार एवं स्थानीय लोगों ने पतंग उड़ाकर सड़क सुरक्षा का प्रतीकात्मक संदेश भी दिया। आयोजन के माध्यम से सुरक्षित यातायात और दुर्घटना रोकथाम को लेकर जनभागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।


