डोमजूडी गांव में नशा के खिलाफ महिलाओं का हल्लाबोल, प्रभात फेरी से जागरूकता अभियान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के डोमजूडी गांव में नशा के खिलाफ मुखिया अनीता मुर्मू के नेतृत्व में जेएसएलपीएस की महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर पूरे गांव में प्रभात फेरी निकाली और नशा, बाल विवाह व बाल श्रम के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक किया।
“स्वच्छ जीवन जीना है, नशा को जड़ से मिटाना है” जैसे नारों से गांव गूंज उठा। इस दौरान मुखिया अनीता मुर्मू, कविता दास और सीता हांसदा ने कहा कि यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक गांव पूरी तरह नशा मुक्त और बाल विवाह व बाल श्रम से मुक्त नहीं हो जाता।

महिलाओं ने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में नदी किनारे कच्ची शराब बनाकर कारोबार करने वाले दारू माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में राधा रानी दास, छाया रानी पाल, सुशीला रजक समेत बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

