कम किराए के विरोध में ऑटो-रैपिडो चालकों का प्रदर्शन, बंद का ऐलान
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित नरभेराम स्कूल के समीप रविवार को ऑटो और रैपिडो चालकों ने किराया दर में लगातार हो रही कटौती के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे चालकों ने कहा कि घटती दरों से उनकी आय पर गंभीर असर पड़ा है और परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
चालकों के अनुसार, पहले प्रति किलोमीटर 30 रुपये मिलते थे, जिसे घटाकर 15 रुपये और अब 12 रुपये कर दिया गया है। इससे उनकी दैनिक कमाई आधी से भी कम रह गई है।
प्रदर्शनकारियों ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और वाहन मेंटेनेंस खर्च का हवाला देते हुए कंपनियों पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया।
चालकों ने चेतावनी दी कि यदि किराया दर में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। साथ ही, अपनी मांगों के समर्थन में सोमवार को ऑटो और रैपिडो सेवाएं बंद रखने का ऐलान किया है।

