नागपुर. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के तहत भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच नागपुर में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का पहला दिन टीम इंडिया के नाम रहा. पहले रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को 177 रन पर समेट दिया. वहीं दूसरी पारी में खेलने उतरी भारतीय टीम ने दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट के नुकसान पर 77 रन बना लिए हैं. पारी के आधार पर भारत ऑस्ट्रेलिया से 100 रन पीछे है.
इससे पहले सुबह ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले बैटिंग का फैसला किया लेकिन पहली 13 गेंदों में उसके दोनों ओपनर, उस्मान ख्वाजा और डेविड वॉर्नर आउट हो गए. ख्वाजा को सिराज ने आउट किया, जबकि वॉर्नर को शमी ने बोल्ड किया. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के दो सबसे अहम बल्लेबाज, स्टीव स्मिथ (37) और मार्नस लाबुशेन (49) के बीच 82 रनों की साझेदारी हुई. लंच के बाद के सेशन में रवींद्र जडेजा का कहर दिखा और उन्होंने इन दोनों बल्लेबाजों को पवेलियन लौटा दिया.
गौरतलब है कि पिछले साल एशिया कप के दौरान घुटने में चोट के कारण पांच महीने तक मैदान से बाहर रहे बाएं हाथ के स्पिनर जडेजा ने इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार अंदाज में वापसी की और 47 रन देकर 5 विकेट अपने नाम किये. ये टेस्ट में 11वां मौका था, जब जडेजा ने पारी में पांच विकेट लिए. वहीं 11 महीनों बाद टेस्ट क्रिकेट में लौटे कप्तान रोहित शर्मा ने भारतीय पारी की शानदार शुरुआत की और अपना 15वां अर्धशतक जमाया. रोहित 56 रन बनाकर नाबाद लौटे, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का है. भारत ने सिर्फ एक विकेट खोया, जो उप-कप्तान केएल राहुल के रूप में गिरा. राहुल (20) को दिन का खेल खत्म होने से 7 गेंद पहले ऑफ स्पिनर टॉड मर्फी ने शिकार बनाया.
इस मैच के साथ ही तीन खिलाडय़िों ने अपने टेस्ट डेब्यू किये. टीम इंडिया के लिए सूर्यकुमार यादव और विकेटकीपर केएस भरत का डेब्यू हुआ है, जबकि ऑस्ट्रेलिया के लिए ऑफ स्पिनर मर्फी को टेस्ट कैप मिली.

