विधानसभा उपचुनाव की घोषणा, 11 नवंबर को मतदान आचार संहिता प्रभावी
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने 45-घाटशिला (अ.ज.जा.) विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इस संबंध में समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी दी।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी होगी, नामांकन की अंतिम तिथि 21 अक्टूबर, नामांकन जांच 22 अक्टूबर, उम्मीदवारों की नाम वापसी 24 अक्टूबर, मतदान 11 नवंबर, मतगणना 14 नवंबर तथा पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 16 नवंबर तक संपन्न होगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। निर्वाचन कार्य के लिए कुल 15 कोषांग बनाए गए हैं और सभी नोडल अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। घाटशिला अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्रा निर्वाची पदाधिकारी होंगे, जबकि सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में धालभूमगढ़ व घाटशिला के सीओ तथा बीडीओ नियुक्त किए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि चुनाव के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। क्रिटिकल बूथों पर अतिरिक्त बल तैनात रहेगा तथा 16 चेकनाका बनाए जाएंगे — जिनमें 10 इंटर-स्टेट, 5 इंटर-डिस्ट्रिक्ट और 1 शहरी क्षेत्र में होगा। अवैध नकदी, शराब, उपहार व नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने बताया कि फरार अभियुक्तों की धरपकड़, लाइसेंसी हथियारों का सत्यापन व जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सघन अभियान चलाया जाएगा।

