असम की लेखिका मनीषा शर्मा को डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम साहित्य सम्मान
पूर्वोत्तर भारत के साहित्य, कला और समाज सेवा क्षेत्र के विशिष्ट व्यक्तियों को शिलॉंग में किया गया सम्मानित
राष्ट्र संवाद संवाददाता
शिलॉंग: डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम फाउंडेशन द्वारा आज मेघालय की राजधानी शिलॉंग स्थित यू सोसो थाम ऑडिटोरियम में आयोजित एक भव्य समारोह में पूर्वोत्तर भारत के साहित्य, कला और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई प्रतिष्ठित व्यक्तियों को अब्दुल कलाम सम्मान से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर असम की प्रसिद्ध लेखिका, समाजसेविका और पत्रकार मनीषा शर्मा को साहित्य श्रेणी में सम्मानित किया गया। मनीषा शर्मा को यह सम्मान पूर्वोत्तर के साहित्य को समृद्ध करने और समाज में जागरूकता लाने हेतु उनके योगदान के लिए दिया गया।
अन्य सम्मानित हस्तियों में मेघालय की लेखिका कल्पना राय, बेथानी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अदरेबल खारबामन और डॉ. टैबर्लांग रिम्बाई, पद्मश्री सम्मानित शिक्षक सिलबी पासा, नेपाल की सामाजिक कार्यकर्ता मिनती शर्मा, और पूर्व विधायक एवं शिलॉंग टाइम्स के पूर्व संपादक मानस चौधरी शामिल रहे।

कार्यक्रम के आयोजक फाल्गुनी चक्रवर्ती ने कहा कि इस सम्मान का उद्देश्य डॉ. कलाम के विचारों के अनुरूप समाज में प्रेरणा और सकारात्मक परिवर्तन को बढ़ावा देना है। समारोह में पूर्वोत्तर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से आए कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

