सृजन के 25 वर्ष
कला संसार में प्रेम, प्रकृति और आत्मा का विलक्षण संगम
कला केवल रंगों, रेखाओं और आकृतियों का संयोजन नहीं होती, वह जीवन की अनुभूतियों, संबंधों और संवेदनाओं की अभिव्यक्ति भी होती है। जब दो कलाकार अपने-अपने स्वतंत्र व्यक्तित्व, दृष्टि और शैली के साथ जीवन की यात्रा में सहयात्री बनते हैं, तब उनकी रचनात्मकता एक नए आयाम को जन्म देती है। डॉ. अनूप कुमार चांद और शुभ्रा चांद की पच्चीस वर्षीय वैवाहिक यात्रा और उनकी समानांतर कला-यात्रा इसी अद्भुत एवं विलक्षण संगम का साक्ष्य है। यह केवल विवाह की रजत जयंती नहीं, बल्कि प्रेम, विश्वास, समर्पण और सृजनशीलता के पच्चीस वर्षों का उत्सव है। निश्चित ही कुछ यात्राएँ समय की गणना से नहीं, संवेदनाओं की गहराई से मापी जाती हैं। कुछ संबंध केवल सामाजिक बंधन नहीं होते, वे दो चेतनाओं का ऐसा संगम होते हैं, जहाँ जीवन और सृजन एक-दूसरे के पर्याय बन जाते हैं। अनूप और शुभ्रा की पच्चीस वर्षीय वैवाहिक यात्रा तथा उनकी कला-साधना ऐसी ही एक दुर्लभ यात्रा है, जिसमें प्रेम केवल भावना नहीं रहा, बल्कि सृजन का मूल बीज बना और कला केवल अभिव्यक्ति नहीं रही, बल्कि आत्मानुभूति का माध्यम बन गई। दिल्ली के इंडिया इन्टरनेशनल सेंटर में तरूण आर्ट गेलैरी के द्वारा 4-7 जून, 2026 तक आयोजित इस संयुक्त प्रदर्शनी में इन कलाकार द्वय की दो शैलियों का आनन्द कलाप्रेमियों ने बढ़-चढ़कर लिया। नई दिल्ली में आयोजित यह ‘सृजन के 25 वर्ष’ प्रदर्शनी केवल चित्रों का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि दो रचनात्मक आत्माओं के जीवन-दर्शन का सार्वजनिक उत्सव है। यह प्रदर्शनी बताती है कि कला और जीवन जब एक-दूसरे के पूरक बन जाते हैं, तब सृजन का स्वरूप कितना व्यापक और प्रभावशाली हो सकता है। यह आयोजन इस सत्य को पुनः स्थापित करता है कि महान कला केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि निरंतर संवाद, पारस्परिक सम्मान और साझा स्वप्नों से जन्म लेती है।
आज जब संसार का बड़ा हिस्सा उपभोग, प्रदर्शन और तात्कालिक उपलब्धियों की संस्कृति में उलझा हुआ है, तब अनूप और शुभ्रा की कलायात्रा हमें उस भारतीय कला-दृष्टि की याद दिलाती है, जिसमें कला का उद्देश्य केवल सौंदर्य का निर्माण नहीं, बल्कि सत्य, शिव और सुंदर की अनुभूति कराना है। भारतीय चिंतन में कला को साधना कहा गया है। साधना का अर्थ है-अपने भीतर उतरना, स्वयं को तराशना और अंततः उस चेतना का स्पर्श करना जो समस्त सृष्टि में व्याप्त है। यही तत्व इन दोनों कलाकारों की रचनात्मक सृजन में दिखाई देता है। अनूप की कला प्रकृति से संवाद करती है। उनके चित्रों में समुद्र की लहरें, वन्य जीवन, ग्रामीण जीवन, लोक-संस्कृति और मानवीय संवेदनाएँ केवल दृश्य नहीं हैं, बल्कि प्रकृति के भीतर धड़कती हुई चेतना की अभिव्यक्ति हैं। वे प्रकृति को वस्तु नहीं मानते, बल्कि एक जीवित सत्ता के रूप में देखते हैं। उनकी कला मानो यह संदेश देती है कि मनुष्य और प्रकृति दो अलग इकाइयाँ नहीं हैं; दोनों एक ही अस्तित्व की परस्पर जुड़ी हुई कड़ियाँ हैं। उनके रंगों में पर्यावरणीय चिंता है, उनकी रेखाओं में करुणा है और उनकी आकृतियों में जीवन के प्रति गहरा सम्मान है। अनूप की कला प्रकृति, लोकजीवन और सामाजिक सरोकारों से संवाद करती है। वे प्रकृति के माध्यम से मनुष्य के अंतर्मन को पढ़ते हैं, गढ़ते हैं।
दूसरी ओर शुभ्रा की कला हमें दृश्य जगत से अदृश्य जगत की ओर ले जाती है। उनके कैनवास पर रंग केवल रंग नहीं रहते, वे ध्यान की मुद्रा बन जाते हैं। वृत्त, सर्पिल और ऊर्जा के विविध रूपों के माध्यम से वे उस ब्रह्मांडीय लय को अभिव्यक्त करती हैं, जो सृष्टि के प्रत्येक कण में स्पंदित हो रही है। उनकी कला में अध्यात्म किसी धार्मिक प्रतीक या कर्मकाण्ड के रूप में नहीं आता, बल्कि चेतना के विस्तार के रूप में प्रकट होता है। उनके चित्रों को देखते हुए ऐसा अनुभव होता है मानो रंग ध्यान कर रहे हों और आकृतियाँ मौन में कोई गूढ़ संवाद कर रही हों। उनका कला संसार अमूर्तन, आध्यात्मिकता और ब्रह्मांडीय ऊर्जा से निर्मित है। उनके कैनवास पर वृत्त, सर्पिल और रंगों की लय केवल दृश्य संरचनाएँ नहीं, बल्कि चेतना की गहन यात्राएँ हैं। वे दर्शक को बाहरी दुनिया से भीतर की यात्रा की ओर ले जाती हैं।
एक कलाकार प्रकृति का कवि है, तो दूसरी आत्मा की चित्रकार। एक धरती की धड़कनों को सुनता है, दूसरी ब्रह्मांड की निस्तब्धता को रंगों में व्यक्त करती है। किंतु आश्चर्य यह है कि दोनों की दिशाएँ अलग होते हुए भी उनका लक्ष्य एक ही है-मानव संवेदना का विस्तार। वास्तव में अनूप और शुभ्रा की कला भारतीय दर्शन के दो महत्वपूर्ण आयामों का प्रतिनिधित्व करती है। अनूप की कला प्रकृति के माध्यम से आत्मा तक पहुँचती है, जबकि शुभ्रा की कला आत्मा के माध्यम से ब्रह्मांड तक। एक बाहर से भीतर की यात्रा है, दूसरी भीतर से बाहर की। किंतु दोनों का गंतव्य एक ही है-चेतना का विस्तार और जीवन की गहनतर समझ। उनके वैवाहिक जीवन के पच्चीस वर्ष भी इसी कला-दर्शन का विस्तार हैं। यह केवल साथ रहने की कहानी नहीं है, बल्कि साथ विकसित होने की कहानी है। सामान्यतः दाम्पत्य में एक व्यक्ति दूसरे पर प्रभावी हो जाता है, किंतु यहाँ दोनों ने एक-दूसरे की स्वतंत्रता को संरक्षित रखा। उन्होंने प्रतिस्पर्धा नहीं, सहयोग को चुना; वर्चस्व नहीं, संवाद को महत्व दिया। यही कारण है कि दोनों की कला स्वतंत्र पहचान रखती है, फिर भी उनके जीवन में अद्भुत सामंजस्य दिखाई देता है।

अनूप एवं शुभ्रा की वैवाहिक एवं कला यात्रा यह भी सिखाती है कि प्रेम का सर्वाेच्च स्वरूप स्वामित्व नहीं, बल्कि सह-अस्तित्व है। जहाँ एक-दूसरे को बदलने की कोशिश नहीं होती, बल्कि एक-दूसरे के भीतर छिपी संभावनाओं को विकसित होने का अवसर दिया जाता है। यही प्रेम जब कला से जुड़ता है तो वह रचना बन जाता है, और जब जीवन से जुड़ता है तो वह संस्कृति का रूप ले लेता है। हर सफल कलाकृति के पीछे एक गहरी अनुभूति होती है और हर सफल दाम्पत्य के पीछे विश्वास एवं सहयोग का आधार। अनूप और शुभ्रा की कहानी भी इसी सत्य को प्रमाणित करती है। शोध और अध्ययन के दिनों में प्रारम्भ हुई उनकी निकटता केवल भावनात्मक आकर्षण नहीं थी, बल्कि विचारों, संवेदनाओं और कला-दृष्टि का मिलन भी थी। यह संबंध समय के साथ इतना परिपक्व हुआ कि दोनों ने एक-दूसरे के भीतर छिपे कलाकार को विकसित होने की पूरी स्वतंत्रता और ऊर्जा प्रदान की। उनका दाम्पत्य इस बात का उदाहरण है कि विवाह केवल सामाजिक संस्था नहीं, बल्कि दो आत्माओं की साझा साधना भी हो सकता है। जहाँ सामान्यतः वैवाहिक जीवन में व्यक्तित्वों का संघर्ष दिखाई देता है, वहीं इन दोनों कलाकारों ने व्यक्तित्वों का समन्वय रचा। यही कारण है कि उनका संबंध आज भी उतना ही जीवंत और रचनात्मक दिखाई देता है जितना पच्चीस वर्ष पूर्व था।
‘सृजन के 25 वर्ष’ केवल एक प्रदर्शनी नहीं है और न ही केवल वैवाहिक रजत जयंती का उत्सव। यह उस विश्वास का उत्सव है कि कला मनुष्य को अधिक मानवीय बना सकती है। यह उस चेतना का उत्सव है जो प्रेम को सृजन में और सृजन को साधना में रूपांतरित कर देती है। यह उस आध्यात्मिक दृष्टि का उत्सव है जिसमें जीवन और कला अलग-अलग नहीं रहते, बल्कि एक-दूसरे में विलीन होकर एक नई अनुभूति का जन्म करते हैं। आज जब हम उनकी पच्चीस वर्षीय यात्रा को देखते हैं, तब स्पष्ट अनुभव होता है कि उन्होंने केवल चित्र नहीं बनाए, बल्कि संवेदनाओं के पुल बनाए हैं; केवल रंग नहीं बिखेरे, बल्कि चेतना के दीप जलाए हैं। उनकी कला हमें बाहर की दुनिया देखने के साथ-साथ अपने भीतर झांकने का निमंत्रण देती है। यह किसी भी महान् कला की पहचान है और यही इन कलाकार द्वय की सबसे बड़ी उपलब्धि है। अनूप और शुभ्रा की कहानी भी इसी सत्य को प्रमाणित करती है।
अनूप एवं शुभ्रा की यह रचनात्मक सहयात्रा हमें बताती है कि जब प्रेम में साधना जुड़ जाती है और साधना में कला, तब जीवन स्वयं एक उत्कृष्ट कलाकृति बन जाता है। पच्चीस वर्षो का यह उत्सव उसी जीवंत कलाकृति का उत्सव है- जहां रंगों में अध्यात्म हैं, संबंधों में सृजन है और सृजन में जीवन की अनंत संभावनाओं का आलोक है। पच्चीस वर्षों का यह पड़ाव किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि एक नए अध्याय का आरम्भ है। अनूप और शुभ्रा ने अपने जीवन और कला के माध्यम से यह सिद्ध किया है कि प्रेम जब सृजन से जुड़ता है तो वह केवल दो व्यक्तियों को नहीं, बल्कि पूरे समाज को समृद्ध करता है। उनकी यह रजत यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है कि दाम्पत्य केवल साथ रहने का नाम नहीं, बल्कि साथ बढ़ने, साथ रचने और साथ सपने देखने की कला भी है। कला और जीवन के इस अद्वितीय संगम में प्रेम रंग है, विश्वास रेखा है और सृजन वह कैनवास है जिस पर उन्होंने पच्चीस वर्षों से एक अमिट, सुंदर और प्रेरक इबारत लिखी है।
अधिक जानकारी के लिए समकालीन कला देखें।
[INTERNAL_LINK_HOLDER]

