हाईको इंजीनियर्स में 32 लाख की सामग्री हेराफेरी का आरोप
*कंपनी की शिकायत पर मैनेजर समेत चार के खिलाफ प्राथमिकी, आरआईटी पुलिस ने शुरू की जांच*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, गम्हरिया
आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित हाईको इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड में स्क्रैप, ऑफकट और प्राइम मेटेरियल से जुड़ी कथित अनियमितता का मामला सामने आया है। कंपनी प्रबंधन की शिकायत पर आरआईटी थाना पुलिस ने मैनेजर समेत चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कंपनी ने प्रारंभिक आंतरिक जांच के आधार पर करीब 32 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है।
कंपनी के एचआर हेड मानस रंजन भोई की ओर से दर्ज शिकायत में मैनेजर कुलजीत सिंह, प्रोडक्शन लेजर मशीन ऑपरेटर डाक्टर रजक, सुपरवाइजर सह सीनियर ऑपरेटर विनय कुमार श्रीवास्तव तथा ट्रांसपोर्टर सह चालक ओम प्रकाश तिवारी के खिलाफ आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार, करीब दो वर्षों के दौरान कुछ प्राइम मेटेरियल को स्क्रैप दर्शाकर कथित तौर पर गेटपास के माध्यम से बाहर भेजे जाने तथा दूसरे यूनिट में भेजने के नाम पर तैयार इनवॉइस के जरिए सामग्री के बाहर ही चले जाने की आशंका जताई गई है।
कंपनी ने वास्तविक नुकसान का आकलन जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होने की बात कही है। पुलिस अब संबंधित दस्तावेज, गेटपास, इनवॉइस और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।

