बारीगोडा करंट मौत मामले में मुआवजा और नौकरी पर सहमति कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में विद्युत महाप्रबंधक से वार्ता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :बारीगोडा में करंट प्रवाहित पोल की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत के मामले में बुधवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने विद्युत महाप्रबंधक से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के परिजन को मुआवजा व उसकी पत्नी को नौकरी देने की मांग की। महाप्रबंधक ने विभागीय प्रावधानों के तहत मुआवजा देने और मृतक की पत्नी को मीटर रीडिंग का प्रशिक्षण देकर अस्थायी नौकरी देने पर सहमति जताई।

जिलाध्यक्ष ने मौके पर विभाग की लापरवाही का मुद्दा उठाया और क्षेत्र में गिरे हुए बिजली पोल, बांस से चल रही लाइन और जर्जर पोलों को लेकर भी चिंता जताई। विभाग ने 10 दिन में कार्य शुरू करने और सर्वे कर पोल बदलवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर कई जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे।

