जादूगोड़ा: तीन दशकों के लंबे इंतजार के बाद सोमवार को राखा माइंस रेलवे स्टेशन में ऋषिकेश कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव का शुभारंभ हो गया। ट्रेन के स्टेशन पर रुकते ही क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। स्टेशन मास्टर धनंजय कुमार की अगुवाई में भाजपा नेता मनोज प्रताप सिंह, डॉ. सुशील अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, सज्जन खेमका, किशोर कांवटिया समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। ट्रेन के चालक को माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया तथा मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 18477 पूरी से ऋषिकेश सुबह 4:50 बजे पहुंचने वाली थी, लेकिन लगभग आधे घंटे की देरी से राखा माइंस स्टेशन पर पौने छह बजे पहुंची। इसके बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ और वर्षों की मांग पूरी होने पर सभी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया।
भाजपा नेता मनोज प्रताप सिंह ने इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय सांसद विद्युत महतो को बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 1996 में संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में अनिल अग्रवाल, स्वर्गीय गोपी नाथ सोरेन, स्वर्गीय राम कुमार गुप्ता और स्वर्गीय मधु सूदन भक्त ने खड़गपुर जाकर डीआरएम को ज्ञापन सौंपा था। कई धरना-प्रदर्शनों और लगातार प्रयासों के बाद अंततः यह मांग पूरी हो सकी।
इधर स्थानीय ऑटो चालकों ने सांसद से कोरोना काल में बंद पड़ी कुर्ला एक्सप्रेस सहित अन्य लोकल ट्रेनों को भी पुनः शुरू करने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों को आवागमन में और अधिक सुविधा मिल सके। उत्कल एक्सप्रेस के ठहराव से राखा माइंस और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। 🚉

