अवैध खनन पर प्रशासन की सख्ती, चार ट्रैक्टर जब्त
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई लगातार जारी है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर बुधवार को खान विभाग की टीम ने नाला एवं बिंदापाथर थाना क्षेत्रों में औचक छापेमारी कर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त चार ट्रैक्टरों को जब्त किया।
खान निरीक्षक अकलेश कुमार के नेतृत्व में नाला थाना क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान अवैध बालू लदे तीन ट्रैक्टर पकड़े गए। सभी वाहनों को जब्त कर अग्रेतर कार्रवाई के लिए नाला थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। वहीं बिंदापाथर थाना क्षेत्र से स्टोन चिप्स लदा एक ट्रैक्टर भी जब्त किया गया, जिसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण जैसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन को जहां भी ऐसी गतिविधियों की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
उपायुक्त ने कहा कि जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस कार्य में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिला खनन कार्यालय एवं सभी थाना प्रभारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। प्रशासन ने भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।

