नगरी गांव में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
राष्ट्र संवाद सं
जामताड़ा: जिले के कुंडहित थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरी गांव में बुधवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव गांव स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जाने वाली पगडंडी पर पड़ा मिला। सुबह ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही इसकी सूचना कुंडहित थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी शराब की बोतल तथा एक गमछा बरामद किया है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।
घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, पुलिस ने किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

