एसआईआर अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहने का आह्वान
राष्ट्र संवाद सं
फतेहपुर/जामताड़ा: झारखंड विधानसभा अध्यक्ष सह नाला विधायक रवींद्रनाथ महतो ने फतेहपुर प्रखंड में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए रवींद्रनाथ महतो ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर लोगों को मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने तथा नए एवं पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता और शत-प्रतिशत मतदाता पंजीकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने का आधार है। एसआईआर अभियान के माध्यम से छूटे हुए पात्र मतदाताओं को जोड़ने तथा त्रुटियों को दूर करने का अवसर मिलता है, इसलिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ इस अभियान में भाग लेना चाहिए।
बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, जनसंपर्क अभियान को गति देने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर भी जोर दिया गया। कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने के लिए बूथ स्तर पर व्यापक जनजागरूकता चलाने का संकल्प लिया।

