बरसात में बेहाल आदित्यपुर, निगम और जियाडा की लापरवाही से उभरे हालात
राष्ट्र संवाद संवाददाता
आदित्यपुर:आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र और झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जियाडा) की निष्क्रियता के कारण बरसात में आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर निगम के अधिकांश वार्डों में सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। बुधवार को हुई हल्की बारिश के बाद कई इलाकों में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई।

नगर निगम क्षेत्र के साथ-साथ आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया की सड़कों की हालत भी बदहाल है। पानी और कीचड़ से सनी सड़कें, जगह-जगह गड्ढे और अव्यवस्था के चलते स्थानीय उद्योगपतियों और कामगारों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

टोल रोड पर टूटी उम्मीदें
कोल्हान की लाइफलाइन मानी जाने वाली टाटा–कांड्रा–सरायकेला मुख्य सड़क, जो एक टोल मार्ग है, उसकी हालत भी बद से बदतर हो चुकी है। हल्की बारिश में ही सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे वाहनों का परिचालन बाधित हो रहा है। राहगीर इस मार्ग पर जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार केवल टोल वसूलती है, लेकिन सड़क की मरम्मत और जलनिकासी की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। नागरिकों ने मांग की है कि नगर निगम और जियाडा इस दिशा में शीघ्र ठोस कार्रवाई करें।


