रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
जमशेदपुर में नए जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी ने पदभार संभालते ही अपनी कार्यशैली का प्रभाव दिखा दिया। एसएसपी की सख्ती के बाद महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने कई मामलों में फरार चल रहे नामजद आरोपी मनीष सिंह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित गोल्डन लीफ रिजॉर्ट से दबोचा गया। बताया जाता है कि मनीष सिंह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था और विभिन्न आपराधिक मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी। दो दिन पूर्व उसकी गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए तत्कालीन जुगसलाई थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया था और गुलाम रब्बानी को नई जिम्मेदारी सौंपी थी। पदभार संभालने के साथ ही रब्बानी ने टीम के साथ रणनीति तैयार की और गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार तड़के गोल्डन लीफ रिजॉर्ट में छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। फिलहाल पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों के अनुसार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। मनीष सिंह की गिरफ्तारी को जमशेदपुर पुलिस के लिए अहम उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। नए थाना प्रभारी की इस त्वरित कार्रवाई ने पुलिस महकमे में सक्रियता का संदेश दे दिया है।

