राष्ट्र संवाद संवाददाता
पोटका। गंगाडीह पंचायत के मुखिया कार्तिक मुर्मू के नाम की कथित फर्जी वंशावली तैयार कर जमीन बिक्री किए जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। कार्रवाई की प्रगति जानने के लिए पोटका प्रखंड मुखिया संघ का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को कौवाली थाना पहुंचा और थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव से मुलाकात की।
संघ ने आरोप लगाया कि 13 अगस्त को शिकायत देने के बावजूद नौ दिन बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। प्रतिनिधिमंडल अब तक तीन बार थाना पहुंच चुका है। संघ अध्यक्ष पानो सरदार ने आरोप लगाया कि मामले में टालमटोल किया जा रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि दो दिनों के भीतर प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई तो सोमवार को वरीय पुलिस अधिकारियों से मिलकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। जिला मुखिया संघ महामंत्री अनिता मुर्मू ने इसे जनप्रतिनिधि के खिलाफ गंभीर षड्यंत्र बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में कई पंचायतों के मुखिया, पूर्व मुखिया, जनप्रतिनिधि एवं झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।

