स्वर्णरेखा नदी को प्रदूषण से बचाने के लिए चल रही है ट्रीटमेंट प्लांट परियोजना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर/रांची विधानसभा में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय द्वारा पूछे गए अल्पसूचित प्रश्न के जवाब में सरकार ने स्वर्णरेखा और खरकई नदी के प्रदूषण नियंत्रण के लिए चल रही परियोजनाओं का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।
सरयू राय ने राँची और जमशेदपुर की गंदगी और दूषित जल के स्वर्णरेखा में गिरने के मुद्दे को उठाया। जवाब में सरकार ने कहा कि दोनों शहरों में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) परियोजनाएं चलाई जा रही हैं। रांची की हरमू नदी पर बने STP का रखरखाव संवेदक द्वारा पांच वर्षों तक किया गया है और आगे की प्रक्रिया जारी है। बड़गाई में 37 एमएलडी का STP पूर्ण रूप से क्रियाशील है।
जमशेदपुर और मानगो में स्वर्णरेखा–खरकई में गिरने वाले कुल 21 नालों (मानगो 9, जमशेदपुर 12) के लिए अलग-अलग स्थानों पर STP निर्माण की योजना बनाई गई है। मानगो और जमशेदपुर दोनों क्षेत्रों के लिए डीपीआर तैयार हो चुका है। जमशेदपुर में प्रथम चरण में 1.2 एमएलडी क्षमता वाले STP के लिए निविदा प्रकाशित कर दी गई है, जबकि 44 एमएलडी क्षमता वाले बड़े STP का फाइनल डीपीआर परामर्शी द्वारा सौंप दिया गया है।
सरकार ने कहा कि स्वर्णरेखा को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और अगली कार्यवाही प्रगति पर है।

