प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के संचालन/ अनुश्रवण/ मूल्यांकन से संबंधित जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक संपन्न
शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक बेहतर करने के लिए संबंधित पदाधिकारी को दिशा निर्देश दिया गया
आज दिनांक 5 दिसंबर 2022 को कार्यालय प्रकोष्ठ में प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के संचालन/ अनुश्रवण/ मूल्यांकन से संबंधित जिला स्तरीय स्टीयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री फैज अक अहमद मुमताज(भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में की गई।
उपायुक्त द्वारा बताया गया की प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के माध्यम से प्राथमिक कक्षाओं के स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को पोषण युक्त भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा हैं। इस योजना के माध्यम से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को केवल भोजन देने के स्थान पर पोषक तत्वों से भरपूर भोजन उपलब्ध करवाया जा रहा हैं। जिसके लिए हरी सब्जियां एवं प्रोटीन युक्त भोजन मेनू में शामिल किया जाता हैं। उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारी को निर्देशित किया गया हैं की प्राथमिक कक्षाओं के स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को प्रोटीन युक्त भोजन मिले साथ ही कहा की लगातार इसका अनुश्रवण करते रहे।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा का क्षेत्र उनके लिए विशेष रूचि का क्षेत्र है और इसलिए शिक्षा व्यवस्था को और अधिक बेहतर करने के लिए पदाधिकारीयों को स्कूलों में जाकर सतत् मॉनिटरिंग करने हेतु निर्देशित किया गया साथ ही उपायुक्त द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता को और अधिक बेहतर करने के लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
उपायुक्त द्वारा शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं- मुख्यमंत्री साइकिल योजना, पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना के तहत दी जाने वाली रकम समय पर छात्रों के बीच बांटने को कहा गया। सभी विद्यालयों में अनिवार्य रूप से पेयजल, बिजली कनेक्शन एवं शौचालय की सुविधा देने का निर्देश दिया गया साथ ही शिक्षा विभाग से संचालित सभी योजना का अनुश्रवण करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त द्वारा शिक्षकों की उपस्थिति के साथ साथ छात्र छात्राओं की उपस्थिति, एमडीएम, शौचालय की साफ सफाई, पेयजल की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया।
उपायुक्त द्वारा बताया गया की सरकार द्वारा सभी सरकारी विद्यालय में मध्यान भोजन का संचालन किया जा रहा है। उक्त महत्वपूर्ण योजना का संचालन जामताड़ा जिला अंतर्गत सभी विद्यालय में निर्धारित मापदंड के अनुसार किया जा रहा है अथवा नहीं यह निरीक्षण किया जाना आवश्यक है। इस संदर्भ में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि अपने अपने प्रखंड अंतर्गत 10 विद्यालय का मध्यान भोजन की स्थिति से संबंधित जांच करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे
मौके पर उप विकास आयुक्त श्री अनिलसन लकड़ा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री प्रधान मांझी, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री दीपक कुमार राम, सिविल सर्जन डॉ एस के मिश्रा,सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।

