सांसद रत्न पुरस्कार के लिए चयनित, सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह पुरस्कार जमशेदपुर लोकसभा के जनता को समर्पित
सांसद रत्न पुरस्कार के लिए चयनित होने के उपरांत सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि यह पुरस्कार जमशेदपुर लोकसभा के जनता को समर्पित है ।यह पुरस्कार जमशेदपुर लोकसभा के गरीब, किसान, मजदूर तथा युवा साथियों को समर्पित है।इन की प्रेरणा से वे हर पल उनकी सेवा में सक्रिय रहते हैं। जमशेदपुर की जनता ने जिस विश्वास और स्नेह के साथ उन्हें लोकसभा में भेजा वह हमेशा उस पर खरा उतरने का प्रयास करते रहे हैं।उन्होंने अपनी प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि इसका सारा श्रेय देश के प्रधानमंत्री भाई नरेंद्र मोदी को जाता है जिनके कुशल नेतृत्व, देखरेख और मार्गदर्शन में लोकसभा मे बहुत कुछ सीखने ,समझने और जानने का मौका मिला है। सांसद श्री महतो ने कहा कि उनका हर वक्त यह प्रयास रहता है कि वे हर पल जनता के लिए अपने को समर्पित रखें । इसके लिए वे शहर से लेकर सुदूर देहात तक दिन रात का फर्क नहीं देखते हैं।
उल्लेखनीय है की प्राइम पॉइंट फाउंडेशन के द्वारा सांसद रत्न अवार्ड की घोषणा की गई है ।जिसमें 17वें लोकसभा में बेहतरीन कार्य करने वाले 11 सांसदों का चयन किया गया है।जिनमें वीरप्पा मोइली एवं सुप्रिया सुले भी शामिल हैं।
इसकी चयन समिति के चेयरमैन केन्द्रीय संसदीय राज्य कार्य मंत्री अर्जुन मेघवाल हैं और को-चेयरमैन पूर्व चुनाव आयुक्त टी.एस. कृष्णमूर्ति हैं।
यह भी उल्लेखनीय है कि इस पुरस्कार की स्थापना पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ एपीजे अब्दुल कलाम के सुझाव पर प्रारंभ किया गया था और 2011 से अब तक 75 सांसद को सम्मानित किया जा चुका है ।
17वीं लोकसभा में शीतकालीन सत्र की समाप्ति तक सांसदों के कार्यों का मूल्यांकन के उपरांत उनका चयन किया गया है।

