अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर भाजपाई करेंगे हुनरमंद का सम्मान, राशन सामग्री करेंगे भेंट
गुरुवार, जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर जमशेदपुर महानगर के भाजपाई अपने घरों में कार्य करने वाले बाई, समाचारपत्र देने वाले व आसपास निवास करने वाले (धोबी, स्वीपर, बढई, टेलर मास्टर, नाई, मोची, फूल विक्रेता, कारीगर, रिक्शा, ठेला लगाने वाले) हुनरमंद लोगों को सम्मानित कर उन्हें राशन सामग्री भेंट करेंगे। गुरुवार शाम भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने इस बाबत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा प्राप्त निर्देश के आलोक में शुक्रवार को जमशेदपुर महानगर के भाजपा कार्यकर्ता ‘अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस’ पर ऐसे हुनरमंद व जरूरतमंद लोगों की मदद कर उनका सम्मान करेंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना के मद्देनजर देशव्यापी लॉकडाउन होने के कारण ऐसे कई हुनरमंद का काम बंद हो गया है, जिसके कारण उनके परिवार के समक्ष तंगी की समस्या उत्पन्न हो गई है। पार्टी के ऐसे प्रयासों से निश्चित ही जरूरतमंद तक मदद पहुंचेगी, जिनसे उन सबको इस संकट की घड़ी में राहत मिलेगी। वर्ष भर आम लोगों की सेवा में समर्पित रहने वाले हुनरमंद लोगों को आज समाज के समृद्ध लोगों के मदद की आवश्यकता है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के अलावे अन्य लोगों से भी ऐसे लोगों के मदद के लिए आगे आने की अपील की है। दिनेश कुमार ने कार्यकर्ताओं से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मदद करने की बात कही है।