खाने की थाली के बीच खूनी विवाद, पति की हत्या का आरोप
*सारंडा के तिरिलपोसी गांव की घटना, पत्नी गिरफ्तार; पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
सारंडा के जंगल क्षेत्र में एक घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खाना खाने के दौरान पति-पत्नी के बीच शुरू हुई कहासुनी कथित तौर पर हत्या तक पहुंच गई। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना अंतर्गत तिरिलपोसी गांव के गगराई टोला में शनिवार दोपहर पत्नी पर लोहे की रॉड से हमला कर पति की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी पत्नी बालेमा गुड़िया को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब एक बजे सुमा गुड़िया अपनी पत्नी बालेमा गुड़िया के साथ घर में खाना खा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में आकर बालेमा ने घर में रखे लोहे के रॉड से सुमा के सिर पर वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर शनिवार देर शाम जराईकेला थाना पुलिस गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर भेजा गया।
पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के संबंध में चिकित्सकीय तथ्यों की पुष्टि होगी। घटना के बाद गांव में चर्चा और आसपास के इलाके में सनसनी का माहौल है।

