आदिवासी विद्यार्थियों के हिस्से अंधेरा क्यों? 5.67 लाख बकाये पर छात्रावास की बिजली गुल
*परीक्षा सिर पर, पढ़ाई-पेयजल प्रभावित; पातोर जोंको ने विधायक जगत माझी से लगाई गुहार*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, चाईबासा
आदिवासी छात्रावासों में शिक्षा और बेहतर भविष्य के सपने लेकर रहने वाले विद्यार्थियों के हिस्से में इन दिनों अंधेरा है। गोईलकेरा प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर स्थित आदिवासी छात्रावास का बिजली कनेक्शन 27 नवंबर की शाम 5 लाख 67 हजार 74 रुपये के बकाया बिल के कारण काट दिया गया। इसका खामियाजा छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों को भुगतना पड़ रहा है। मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं नजदीक हैं, ऐसे में बिजली कटने से पढ़ाई, पेयजल और रोजमर्रा की सुविधाएं प्रभावित हो रही हैं।
विद्यार्थियों की शिकायत पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पातोर जोंको ने 28 नवंबर को मनोहरपुर विधायक जगत माझी को पत्र सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने छात्रावास का बिजली कनेक्शन तत्काल बहाल करने, बकाया बिल की विभागीय जांच एवं सत्यापन कराने तथा पूर्व के बकाये की जिम्मेदारी तय करने का आग्रह किया है।
पत्र में सवाल उठाया गया है कि वर्षों से लंबित बिजली बिल का बोझ वर्तमान में छात्रावास में रह रहे विद्यार्थियों पर डालना उचित नहीं है। विधायक जगत माझी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को जानकारी भेजकर समाधान की पहल करने का आश्वासन दिया है।
पातोर जोंको ने कहा कि परीक्षा की तैयारी के निर्णायक समय में छात्रावास की बिजली काटना विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित कर रहा है। विभाग को पहले बकाया बिल की वास्तविकता और जिम्मेदारी तय करनी चाहिए, न कि इसकी सजा छात्रावास के बच्चों को दी जाए।

