डिमना झील में गुलाबी कमलों की छटा, नीले पानी के बीच दिख रहा कश्मीर जैसा नजारा
दलमा की पहाड़ियों के बीच खिले कमल बने पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र, तस्वीरें लेने उमड़ रहे लोग
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। सर्दियों की दस्तक के साथ डिमना झील की प्राकृतिक खूबसूरती निखर उठी है। झील के नीले पानी के बीच खिले गुलाबी कमल इसकी सुंदरता में चार चांद लगा रहे हैं। दलमा की पहाड़ियों और ठंडी हवाओं के बीच कमलों का मनमोहक नजारा पर्यटकों को आकर्षित कर रहा है।
सुबह की धूप में गुलाबी कमलों की छटा देखते ही बनती है। झील की खूबसूरती को कैमरे में कैद करने के लिए पर्यटक, खासकर युवा और परिवार, यहां पहुंच रहे हैं। कोई सेल्फी ले रहा है, तो कोई पानी, फूलों और पहाड़ियों के नजारे को तस्वीरों में संजो रहा है।
नीले पानी के बीच गुलाबी कमलों और चारों ओर फैली प्राकृतिक सुंदरता को देखकर लोगों को कश्मीर जैसा एहसास हो रहा है। सर्दियों में पिकनिक और सैर-सपाटे के लिए लोकप्रिय डिमना झील इन दिनों प्रकृति प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है।

