जाकिरनगर में कपाली नाला पर नवनिर्मित पुल का सरयू राय ने किया उद्घाटन
एक करोड़ एक लाख रुपये की लागत से बना पुल, कपाली और आजादनगर के लोगों का आवागमन होगा सुगम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो के जाकिरनगर स्थित अवैस करनी मस्जिद के समीप कपाली नाला पर मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत एक करोड़ एक लाख रुपये की लागत से निर्मित पुल का उद्घाटन किया। स्थानीय लोग लंबे समय से इस पुल की मांग कर रहे थे।
सरयू राय ने कहा कि पुल के निर्माण से कपाली और आजादनगर के लोगों का आवागमन सुगम होगा और यह दो जिलों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पुल का निर्माण 15 माह की निर्धारित अवधि से पहले पूरा कर लिया गया है। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मजबूती पर संतोष जताया।
उन्होंने बताया कि जाबिन पुल के निर्माण का एस्टीमेट तैयार कर उपायुक्त के माध्यम से भेजा गया है, ताकि बरसात में लोगों को आवागमन की परेशानी से राहत मिल सके। सरयू राय ने पुल निर्माण की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विभागीय मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और संबंधित अभियंताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।