सोशल मीडिया के मायाजाल से बचें बच्चे, डिजिटल सुरक्षा के बताए गुर
*गोबरघुसी स्कूल में कार्यशाला, साइबर अपराध और ऑनलाइन जोखिमों के प्रति किया जागरूक*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पटमदा
सोशल मीडिया जहां ज्ञान और सूचनाओं का बड़ा माध्यम बन रहा है, वहीं इसका असावधानीपूर्ण इस्तेमाल बच्चों को साइबर अपराध और डिजिटल जोखिमों की चपेट में ला सकता है। इसी को लेकर उत्क्रमित उच्च विद्यालय, गोबरघुसी में सोशल मीडिया एवं डिजिटल हाइजीन जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। सामाजिक संस्था निश्चय फाउंडेशन के संस्थापक तरुण कुमार ने बच्चों को इंटरनेट और सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार इस्तेमाल के तरीके बताए।
कार्यशाला में चित्रकथाओं, रोचक उदाहरणों और संवाद के माध्यम से यूट्यूब, इंस्टाग्राम, फेसबुक, व्हाट्सएप, गूगल सर्च, चैटजीपीटी और ऑनलाइन गेमिंग के सकारात्मक एवं नकारात्मक पहलुओं की जानकारी दी गई। बच्चों को अनजान लोगों से ऑनलाइन संपर्क नहीं करने, निजी जानकारियां साझा करने से बचने तथा साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी गई। तरुण कुमार ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल मनोरंजन तक सीमित रखने के बजाय शिक्षा और नई जानकारियों के लिए किया जाना चाहिए।
कार्यशाला में विद्यार्थियों ने भी अपनी ऑनलाइन गतिविधियों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल से जुड़े अनुभव साझा किए। मौके पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य उपेंद्र बेसरा, हरप्रीत कौर, चंद्रशेखर आचार्य सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे।

