ग्रामीणों की सतर्कता से ट्रांसफॉर्मर चोरी की कोशिश नाकाम, स्कूटी छोड़ भागे चोर
*16 केवी का ट्रांसफॉर्मर तालाब में गिराया, पुलिस को सौंपी गई स्कूटी*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
कोवाली थाना क्षेत्र के हेंसल आमदा पंचायत अंतर्गत बरगीकोचा गांव में शुक्रवार रात करीब 11 बजे अज्ञात चोरों ने 16 केवी का बिजली ट्रांसफॉर्मर चोरी करने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीणों की तत्परता से उनकी कोशिश नाकाम हो गई। पकड़े जाने के डर से चोर ट्रांसफॉर्मर को पास के तालाब में गिराकर फरार हो गए।
ग्रामीणों ने चोरों का पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। इस दौरान चोरों की एक स्कूटी (नंबर JH05DR-7377) मौके पर छूट गई, जिसे ग्रामीणों ने अपने कब्जे में रखा है।
घटना की सूचना ग्रामीण सुवल पुरान ने भाजपा नेता मनोज कुमार सरदार को दी। सूचना मिलते ही गांव पहुंचे मनोज सरदार ने कोवाली थाना प्रभारी अमित चौधरी को घटना से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ट्रांसफॉर्मर चोरी की कोशिश गंभीर चिंता का विषय है। बिजली विभाग को सूचना देकर जल्द नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर दुलाल मंडल और प्रकाश सरदार भी मौजूद थे।

